बरीक्षा कार्यक्रम से लौट रहे थे युवक, हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
अमेठी,संवाददाता : अमेठी के टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मुंशीगंज थाना क्षेत्र के शिवगंज गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज क्षेत्र के श्री का पुरवा निवासी करन (20) तथा सुल्तानपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र के घसीटू का पुरवा निवासी अंकित (20) और अर्जुन (22) गांव में आयोजित एक बरीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर रात तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शिवगंज गांव के पास कट के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में करन और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अर्जुन को उपचार के लिए सुल्तानपुर जिला अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रक काफी तेज गति में था। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर रायबरेली की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मुंशीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार ट्रक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






















