हनुमान चालीसा पाठ के साथ भक्ति और सेवा का दिखा अद्भुत दृश्य

रामगंज (अमेठी), संवाददाता : ज्येष्ठ मास के पहले बड़े मंगल के पावन अवसर पर विकास खण्ड भादर के अयोध्या-प्रयागराज मार्ग स्थित रामगंज कस्बे में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। भीषण गर्मी के बावजूद आयोजित भंडारे में राहगीरों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी के साथ ठंडा शरबत वितरित किया गया।
इस पुनीत अवसर पर मंडल रेल प्रबंधन लेखा विभाग, उत्तर रेलवे के वरिष्ठ लेखा सहायक रामकुमार जायसवाल द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर धार्मिक माहौल बना रहा, जहां हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जय श्री राम व बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
भीषण गर्मी के बीच इस सेवा कार्य को लोगों ने सराहा और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। भंडारे के सफल संचालन में आलोक जायसवाल, अक्षर, विनय कुमार, पवन कुमार, ज्ञान चंद्र और लाल चंद्र सहित कई लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजक रामकुमार जायसवाल ने बताया कि बड़े मंगल के पावन अवसर पर सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गर्मी में राहगीरों को भोजन और शीतल पेय उपलब्ध कराना मानव सेवा का एक छोटा प्रयास है, जिसे भविष्य में भी जारी रखा जाएगा।























