घोरहा गांव में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, पारंपरिक वेशभूषा में निकली भक्ति यात्रा
अमेठी, संवाददाता : क्षेत्र के घोरहा गांव में यजमान संतोष सिंह के यहां श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लिया।
कथा प्रारंभ से पूर्व आचार्यों द्वारा विधि-विधान से वेदी पूजन कराया गया। इसके पश्चात श्री श्री 1008 जगद्गुरु परमहंसाचार्य स्वामी दयानंद सरस्वती जी महाराज के नेतृत्व में कथा स्थल से पवित्र जल स्रोत तक कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने जल भरकर कलश यात्रा को गांव में भ्रमण कराया, जो खाकी बाबा आश्रम पहुंचकर सम्पन्न हुई। वहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। जल भरकर लौटने के बाद कथा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना की गई।



महाराज ने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सभी कथाओं में श्रेष्ठ मानी गई है। जिस स्थान पर इसका आयोजन होता है, वह तीर्थ के समान हो जाता है। उन्होंने बताया कि इस कथा का श्रवण करने मात्र से ही मनुष्य अनेक पापों से मुक्ति प्राप्त करता है। इस अवसर पर अमर सिंह भदौरिया, पवन ओझा, अनिल, बृजेश, राजेश, शीला, अंजना सिंह, निधि सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।






















