अभिभावक बच्चों को नियमित स्कूल भेजें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की गारंटी देंगे शिक्षक – बीईओ
अमेठी, संवाददाता : स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को भादर क्षेत्र में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बाइक एवं ई-रिक्शा रैली के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। बाइक रैली में सैकड़ों शिक्षक शामिल हुए, वहीं कम्पोजिट विद्यालय भादर प्रथम के बच्चे भी रैली में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली के दौरान विभिन्न मार्गों पर प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने बैनर और स्लोगन के साथ शिक्षकों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया। एक रूट पर खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव बीआरसी स्टाफ के साथ मौजूद रहे, जबकि दूसरे रूट पर नोडल संकुल शिक्षक देवांशु सिंह एवं उमेश त्रिपाठी ने नेतृत्व किया।
रैली के साथ चल रहे सुसज्जित वाहन द्वारा स्कूल चलो अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। रूट नंबर 1 की रैली टीकरमाफी, कल्याणपुर और इस्माइलपुर न्याय पंचायतों में भ्रमण करती रही, जहां एआरपी सीबी तिवारी, राजेन्द्र कुमार, देव प्रकाश एवं अलख कुमार मिश्र ने मार्गदर्शन किया। वहीं रूट नंबर 2 की रैली भादर, पीपरपुर और त्रिशुंडी न्याय पंचायतों में पहुंची, जहां नोडल संकुल शिक्षक देवांशु सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह एवं अनिल कुमार सोनी ने नेतृत्व किया।
रैली के दौरान विभिन्न विद्यालयों—प्राथमिक विद्यालय भादर प्रथम, रतापुर, कम्पोजिट विद्यालय मवइया, ढेमा एवं दुर्गापुर—में जलपान एवं भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई। दुर्गापुर में नागेन्द्र प्रताप शुक्ल द्वारा पूड़ी, सब्जी एवं लड्डू के साथ शिक्षकों का स्वागत किया गया। यहीं रैली का समापन भी हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष कपिलेश यादव, एमआईएस इंचार्ज अनिल यादव, अंकित सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री अरुण सिंह, ओम प्रकाश राव, विक्रम उपाध्याय, सतीश शर्मा, ज्ञान चंद पांडेय सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






















