हर साल ज्येष्ठ माह में नौ दिन होता है नौतपा, इन दिनों में पड़ती है भीषण गर्मी
अमेठी,संवाददाता : सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और इसके साथ ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आसमान से बरसती आग और झुलसा देने वाली पछुआ हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने की संभावना बनी रहेगी।
ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले नौतपा को वर्ष का सबसे गर्म समय माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही पृथ्वी पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ने लगती हैं, जिससे तापमान में अत्यधिक वृद्धि होती है। इस बार सूर्य 25 मई से 2 जून तक रोहिणी नक्षत्र में रहेंगे।
पांच जून तक रोहिणी नक्षत्र में रहेंगे सूर्यदेव
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सूर्यदेव पांच जून तक रोहिणी नक्षत्र में रहेंगे, लेकिन शुरुआती नौ दिन सबसे अधिक प्रभावी माने जाते हैं। इसके बाद सूर्य मृगशिरा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। माना जाता है कि इस दौरान सूर्य पृथ्वी के सबसे समीप होते हैं, जिससे धरती अधिक तपने लगती है।
छह दिन बाद बारिश से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले छह दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। हालांकि इसके बाद बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल प्रदेश में बांदा सबसे गर्म जिला बना हुआ है।
गर्मी से बचने के लिए बरतें सावधानी
- ढीले और सूती कपड़े पहनें।
- धूप में निकलते समय छाता और चश्मे का उपयोग करें।
- नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ और आम का पन्ना जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।
- बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप में बाहर न निकलने दें।
- जरूरतमंदों तथा पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें।
ज्योतिषाचार्य की राय
“नौतपा में सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने से चंद्रमा की शीतलता कम हो जाती है। सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ने से नौ दिनों तक भीषण गर्मी पड़ती है।”
— आचार्य पं. आशुतोष तिवारी






















