28 मई को सुबह पांच बजे से देर रात तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद
लखनऊ, संवाददाता: ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के मद्देनज़र एसपी ट्रैफिक की ओर से विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत गुरुवार 28 मई को सुबह 5 बजे से देर रात तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हुड़दंग और स्टंटबाजी पर सख्ती
पुलिस प्रशासन ने ईद के मौके पर सड़क पर हुड़दंग करने वालों के लिए भी गाइडलाइन जारी की है। निर्देश दिए गए हैं कि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारियां न बैठें, बाइक या कार से स्टंटबाजी न करें और रैश ड्राइविंग से बचें। साथ ही वाहनों में प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था
1. बरेली आने वाले भारी वाहन
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विलवा, विलयधाम, नवदिया और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंच सकेंगे।
2. बदायूं जाने वाले वाहन
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास, विलयधाम और इन्वर्टिस मार्ग से होकर जाएंगे। नो-एंट्री समय के अतिरिक्त सुबह 7 बजे से पहले कैंट और बुखारा होकर आवागमन कर सकेंगे।
3. बदायूं से आने वाले वाहन
बदायूं की तरफ से आने वाले भारी वाहन नो-एंट्री समय में सुबह 7 बजे से पहले रामगंगा, बुखारा और कैंट मार्ग से बरेली आ सकेंगे।
4. रोडवेज बसों का रूट
दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहे से मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर और 100 फुटा पूर्वी मार्ग होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक जाएंगी और इसी रास्ते से वापस लौटेंगी।
5. नमाज के दौरान रहेगा प्रतिबंध
नमाज के दौरान सभी प्रकार के भारी वाहन और रोडवेज बसों का चौकी चौराहा और मिनी बाईपास से दूल्हा मियां मजार की ओर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।























