मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला, बोले— “उनके समय लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे”
लखनऊ, संवाददाता: उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती को लेकर जनता के बीच नाराज़गी बढ़ती जा रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज ऊर्जा संकट पर सवाल उठा रहे हैं, उनके शासनकाल में हालात बेहद खराब थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के दौरान बिजली व्यवस्था इतनी बदहाल थी कि “लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाया करते थे।” उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होती थी और लोगों को दिन-रात के हिसाब से बारी-बारी बिजली मिलती थी।
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश में भरपूर बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर पावर संकट और तकनीकी कारणों से शटडाउन की स्थिति बन रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस संकट की घड़ी में विद्युत विभाग और पावर कॉरपोरेशन का सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऊर्जा संकट के लिए केवल पावर कॉरपोरेशन को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। हर नागरिक का दायित्व है कि वह बिजली बचाने और व्यवस्था को संभालने में सहयोग करे।
प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच राजधानी लखनऊ, पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लंबी बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बरेली में तो वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार को भी ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर शिकायत करनी पड़ी। कई स्थानों पर जनता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करती नजर आई।
























