समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण हो, जमीन कब्जा मामलों में सख्त कार्रवाई के आदेश
गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से किया जाए। मुख्यमंत्री महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने स्वयं फरियादियों तक पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र लिए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग व्यक्ति जबरन कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। कार्यक्रम में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा और जरूरतमंदों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
























