चार यूरोपीय देशों की यात्रा से पहले संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे पीएम, द्विपक्षीय वार्ता पर दुनिया की नजर
अबू धाबी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार यूरोपीय देशों की अपनी यात्रा से पहले शुक्रवार को संक्षिप्त दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अबू धाबी एयरपोर्ट पर संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नहयान स्वयं प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी के लिए मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर विशेष प्रोटोकॉल की व्यवस्था की गई थी। आगमन के बाद उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आत्मीय मुलाकात भी हुई, जिसने भारत और यूएई के मजबूत संबंधों को एक बार फिर प्रदर्शित किया।
इसके बाद भारत और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधिमंडलों के बीच शिष्टमंडल स्तर की वार्ता शुरू हुई। इस बैठक में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच आर्थिक और सामरिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
शिष्टमंडल स्तर की बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति अल नहयान के बीच अलग से द्विपक्षीय वार्ता का भी कार्यक्रम तय है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार सुबह भारत से संयुक्त अरब अमीरात के लिए रवाना हुए थे। अबू धाबी में कार्यक्रमों के बाद वह आज शाम ही अपने अगले पड़ाव नीदरलैंड के लिए रवाना होंगे। यह दौरा भारत के यूरोप और खाड़ी देशों के साथ बढ़ते कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
























