मेहंदीपुर गांव के पास देर रात हुआ हादसा, राहत-बचाव कार्य में जुटी पुलिस
बाराबंकी,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर अचानक पेड़ गिर जाने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, टिकैतनगर क्षेत्र के बेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर मेहंदीपुर गांव के निकट सड़क किनारे लगा एक विशाल पेड़ अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर पड़ा। उस समय ट्रॉली में लोग सवार थे। पेड़ गिरने से दो लोग उसके नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान लाल रावत और विकास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
























