हमले के बाद पूरे इलाके में फैला भय और गुस्सा
अबूजा : नाइजीरिया के ओयो राज्य में हथियारबंद बंदूकधारियों ने दिनदहाड़े तीन प्राइमरी स्कूलों पर हमला कर 45 से अधिक स्कूली बच्चों का अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर शुक्रवार सुबह ओरीरे स्थानीय सरकारी क्षेत्र के यावोटा स्थित स्कूलों में पहुंचे। मोटरसाइकिलों पर सवार बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग की और बच्चों को जबरन अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि हमलावर सैन्य वर्दी और नकाब पहने हुए थे।
एक शिक्षिका एलिजाबेथ ओलागोके ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे हमलावर छह मोटरसाइकिलों पर आए और योरूबा, हौसा व पिजिन अंग्रेजी में चिल्लाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने ओल्ड ओयो नेशनल पार्क के आसपास के इलाकों को घेरकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि प्रशासन ने अपहृत बच्चों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की है। इस घटना के बाद राज्यभर में आक्रोश फैल गया है। रोते-बिलखते परिजन सरकार से बच्चों की सुरक्षित रिहाई और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, नाइजीरिया में सक्रिय सशस्त्र आपराधिक गिरोह लंबे समय से स्कूलों और गांवों को निशाना बनाते रहे हैं। ज़मफ़ारा, कडुना, सोकोतो और नाइजर समेत कई राज्यों के घने जंगल इन गिरोहों के ठिकाने बन चुके हैं। यह वारदात ऐसे समय हुई है, जब नाइजीरिया और अमेरिका ने संयुक्त अभियान में इस्लामिक स्टेट के एक शीर्ष आतंकी नेता अबू-बिलाल अल-मिनुक्की के मारे जाने का दावा किया है। नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने इसे आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
























