हाईवे पर भीषण टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-34 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार की मौत हो गई। हादसा मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार वैगनआर कार सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर की सीटें तक उखड़ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक परिवार बागेश्वर धाम से दर्शन कर कानपुर लौट रहा था। कार में कुल पांच लोग सवार थे। मृतकों की पहचान नरेंद्र (55), राजकपूर (57), उनकी पत्नी मीना (54) और चालक आयुष चौहान (25) के रूप में हुई है। नरेंद्र की पत्नी रेखा (52) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।
परिवहन निगम के टीआई सतेंद्र सिंह ने बताया कि वैगनआर कार रॉन्ग साइड से आ रही थी और सीधे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही मौदहा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।























