सेमीकंडक्टर और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग पर जोर
नई दिल्ली, संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम पहुंचे। प्रधानमंत्री का यह दौरा भारत और नीदरलैंड के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है।
एम्स्टर्डम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि यह सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का बड़ा अवसर है। प्रधानमंत्री ने बताया कि अपने दौरे के दौरान वह नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वह राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नीदरलैंड यूरोप में भारत का एक प्रमुख आर्थिक साझेदार है और विदेशी निवेश के महत्वपूर्ण स्रोतों में शामिल है। दोनों देशों के बीच सहयोग अब पारंपरिक व्यापार से आगे बढ़कर प्रौद्योगिकी, कृषि, जल प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और यूरोपीय संघ लंबे समय से लंबित मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से प्रयास कर रहे हैं। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों के बीच दोनों पक्ष व्यापार, निवेश और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने पर जोर दे रहे हैं।
























