घटना के बाद चालक फरार, चपेट में आया शिक्षिका व युवक का पैर

लखनऊ, संवाददाता : मड़ियांव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर बेकाबू होकर सर्विस रोड पर जा घुसा और कई वाहनों को रौंद दिया। हादसे में एक शिक्षिका समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

यह हादसा मड़ियांव थाने से लगभग 200 मीटर दूर चंद्रा ढाल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब सात बजे लखनऊ-सीतापुर रोड की सर्विस लेन पर ऑटो चालक सवारियां बैठा रहे थे और आसपास चाय-पानी की दुकानें खुली थीं। तभी एक डंपर अचानक मेन रोड छोड़कर सर्विस लेन में घुस गया और सामने खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया।

हादसे की चपेट में एक ई-ऑटो, सीएनजी ऑटो, कार और बाइक आ गईं। सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर लगने से एक महिला करीब दस फीट दूर जा गिरी, जबकि बाइक के पास खड़े युवक का पैर डंपर और डिवाइडर के बीच फंस गया, जिससे उसका बायां पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। शिक्षिका के पैर में भी चोट आई है। घटना के तुरंत बाद चालक और खलासी डंपर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
























