पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
लखनऊ,संवाददाता : प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह अखलेश यादव के सौतेले भाई थे। प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन फिटनेस और व्यवसाय की दुनिया में उनकी अलग पहचान थी। लखनऊ में वह जिम संचालन के साथ रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े हुए थे। इसके अलावा “जीव आश्रय” नामक एनजीओ के माध्यम से पशु कल्याण कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे।
उनकी शादी वर्ष 2011 में भाजपा नेता अपर्णा यादव से हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। हाल ही में जनवरी 2026 में वैवाहिक विवाद और तलाक की चर्चाएं सामने आई थीं। हालांकि बाद में परिवारिक स्तर पर मामला सुलझ जाने की जानकारी मिली थी।
तीस अप्रैल को भी अस्पताल में हुए थे भर्ती :
डॉक्टरों के अनुसार बुधवार सुबह जब प्रतीक यादव को सिविल अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह गिर चुकी थी और हृदय गति रुक चुकी थी। सूत्रों के मुताबिक, वह 30 अप्रैल को भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती हुए थे। उस दौरान फेफड़ों की बीमारी और ब्लड क्लॉटिंग की समस्या सामने आई थी। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। प्रारंभिक रिपोर्टों में पुरानी फेफड़ों की बीमारी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






















