नायब तहसीलदार ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
अमेठी, संवाददाता : जनपद अमेठी के ग्राम भरथीपुर में पिछले 10 दिनों से चल रहा आमरण अनशन गुरुवार, 15 मई 2026 को प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। जिलाधिकारी अमेठी के निर्देश पर दोपहर करीब 2:30 बजे डॉक्टरों की टीम अनशन स्थल पर पहुंची, जहां अनशनकारी पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अमेठी अजय कुमार सिंह ने प्रशासन की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिलाया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और किसी भी स्तर पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद अनशनकारी को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त कराया गया। अनशन समाप्त होने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद समर्थकों और दूर-दराज से आए लोगों ने राहत व्यक्त की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार तथा विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि लगातार चल रहे अनशन के कारण अनशनकारी के स्वास्थ्य में गिरावट भी दर्ज की जा रही थी। प्रशासनिक हस्तक्षेप और वार्ता के बाद आखिरकार शांतिपूर्ण ढंग से अनशन समाप्त हो गया।
























