शासन के आदेश के बाद तहसील परिसर में चर्चा तेज
अमेठी,संवाददाता : कई महीनों से चल रहे अधिवक्ताओं के आंदोलन के बाद मुसाफिरखाना के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अभिनव कनौजिया का तबादला कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के तहत उन्हें डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय के पद पर नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ताओं द्वारा एसडीएम के खिलाफ लगातार धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की जा रही थी। वकील लंबे समय से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। आंदोलन के चलते तहसील परिसर में कई बार कार्य प्रभावित हुआ और प्रशासन पर दबाव लगातार बढ़ता गया। अब शासन के इस फैसले को अधिवक्ताओं के आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है। तबादले की खबर सामने आते ही तहसील परिसर और अधिवक्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
























