पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे प्रधानमंत्री
इटली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर किया स्वागत
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त।” मेलोनी ने इसके साथ कोलोसियम में दोनों नेताओं की पहले की मुलाकात की तस्वीर भी साझा की। रोम पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया। होटल में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और उनसे आत्मीय बातचीत भी की। इस दौरान एक बच्चे ने पीएम मोदी को उनकी बनाई हुई तस्वीर भेंट की, जिस पर प्रधानमंत्री ने ऑटोग्राफ भी दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सनातन धर्म संघ को मिली आधिकारिक मान्यता
भारतीय समुदाय की सदस्य स्वामिनी शुद्धानंदा घिरी ने बताया कि यह उनकी प्रधानमंत्री मोदी से दूसरी मुलाकात है। उन्होंने कहा कि 2021 में पहली बार पीएम मोदी से मिलने के बाद उन्होंने उनके मिशन को आगे बढ़ाने में सहयोग दिया। उन्होंने दावा किया कि सनातन धर्म संघ को इटली की संसद द्वारा आधिकारिक धर्म के रूप में मान्यता दी गई है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के लिए गर्व का क्षण है।
पीएम मोदी ने देखी वाराणसी घाटों की पेंटिंग
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक इटैलियन कलाकार द्वारा बनाई गई वाराणसी के घाटों की पेंटिंग भी देखी। कलाकार ने बताया कि यह उनके जीवन का बेहद खास अनुभव था। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी बहुत विनम्र हैं। उन्होंने मुझसे हाथ मिलाया और पूछा कि इस पेंटिंग को बनाने में कितना समय लगा। मेरी कला भारतीय संस्कृति से काफी प्रभावित है।” प्रधानमंत्री के स्वागत में कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एक कलाकार ने बताया कि उनके समूह ने राग हंसध्वनि पर आधारित पारंपरिक धुन प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। कलाकारों ने कहा कि वे पूरे यूरोप में भारतीय कला और मूल्यों का प्रचार करना चाहते हैं।
भारत-इटली संबंधों में तेजी से बढ़ रही मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और इटली के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देश 2025-2029 संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। साल 2025 में भारत और इटली के बीच व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। वहीं अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 तक इटली से भारत में 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया है। इटली पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का दौरा कर चुके हैं। उनका यह पांच देशों का दौरा कूटनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
























