मायावती ने कांग्रेस नेताओं से मिलने से किया इनकार
लखनऊ संवाददाता : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती से मुलाकात करने पहुंचे कांग्रेस नेताओं को मंगलवार को बैरंग लौटना पड़ा। कांग्रेस नेताओं ने मायावती से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें मिलने का समय नहीं मिल सका।
राहुल गांधी का संदेश लेकर पहुंचने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया समेत अन्य नेता मायावती के लखनऊ स्थित आवास पहुंचे थे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि ये नेता कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का संदेश लेकर पहुंचे थे।बताया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव और संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर बातचीत की कोशिश की जा रही थी। हालांकि मायावती ने नेताओं से मुलाकात करने से इनकार कर दिया।
गेट पर नाम लिखवाकर लौटे कांग्रेस नेता
मुलाकात नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं ने आवास के गेट पर अपना नाम लिखवाया और वापस लौट गए। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
“पूर्व मुख्यमंत्री का हालचाल लेना हमारा दायित्व”
इस मामले पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि मायावती दलित समाज की बड़ी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में उनका हालचाल लेना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा, “हमने अपना नाम गेट पर लिखवा दिया है। जब बुलाएंगी तो दोबारा मिलने जाएंगे।” कांग्रेस नेताओं के बिना पूर्व सूचना मायावती के आवास पहुंचने और मुलाकात न होने की घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के बीच संभावित रणनीति और समीकरणों को लेकर हलचल बढ़ सकती है।























