1500 करोड़ रुपये की धनराशि 1.86 करोड़ परिवारों के खातों में हस्तांतरित, अमेठी में हुआ लाइव प्रसारण

अमेठी,संवाददाता : होली पर्व के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया गया। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से 1.86 करोड़ पात्र परिवारों के खातों में गैस रिफिल सब्सिडी हस्तांतरित की।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रणंजय मैदान, गौरीगंज (अमेठी) में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत जनपद में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में उज्ज्वला योजना के 20 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अर्पित गुप्ता, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नितेश राज, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत, नोडल अधिकारी (उज्ज्वला योजना) आरिस अदनान सहित अन्य अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन किया है। अब रसोई में धुएं की जगह स्वच्छ ईंधन का उपयोग हो रहा है, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। यह योजना महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा लाभ
जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की नीतियां जनहित में हैं और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना को महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 1,70,157 उज्ज्वला लाभार्थी हैं, जिन्हें गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि जिनका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, वे शीघ्र ही आधार लिंक कराकर गैस एजेंसी के माध्यम से ई-केवाईसी पूर्ण कराएं, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लाभार्थियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

























