इन विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 1.23 करोड़ मतदाता हैं, जिसमें 62.8 लाख पुरुष, 61 लाख महिला और 145 थर्ड जेंडर मतदाता हैं शामिल
रांची : झारखंड में विधानसभा की 38 सीटों के लिए आज मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू हो गई है। इस चुनाव में कुल 528 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 472 पुरुष और 55 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। एक जेंडर उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में है। चुनाव में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कड़ी व्यवस्था की गई है।
मतदान सुबह 7:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक चलेगा, लेकिन कुछ विशेष मतदान केंद्रों पर यह समय 4:00 बजे तक सीमित रहेगा। इन विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 1.23 करोड़ मतदाता हैं, जिसमें 62.8 लाख पुरुष, 61 लाख महिला और 145 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से, चुनाव प्रक्रिया में अर्द्ध सैनिक बलों की 585 कंपनियों और जैप की 60 कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, 30 हजार से अधिक जिला बल और होमगार्ड के जवानों की भी तैनाती की गई है।
इन 38 विधानसभा सीटों में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो, ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हैं। इन सीटों में चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ी प्रतिस्पर्धा वाला माना जा रहा है।