खंड शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
भेटुआ, अमेठी,संवाददाता : बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र भेंटुआ के सामने से ब्लॉक स्तरीय “स्कूल चलो अभियान” के तहत ई-रिक्शों द्वारा रैली निकाली गई। रैली को खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली ब्लॉक परिसर से निकलकर टिकरी चौराहा होते हुए ग्वाल चौराहा पहुंची तथा भीमी मार्ग से होकर उच्च प्राथमिक विद्यालय भेंटुआ परिसर में विश्राम किया। भोजन उपरांत रैली पुनः विभिन्न मार्गों से होकर बीआरसी केंद्र पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली में शामिल सभी ई-रिक्शों पर “स्कूल चलो अभियान” से संबंधित स्लोगन और बैनर लगाए गए थे, जिनके माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने रैली का नेतृत्व करते हुए सभी विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना लक्ष्य है। इसके लिए विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं समस्त स्टाफ को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इस अवसर पर एआरपी विनय पांडेय, राजीव साहू, राकेश सिंह, महेंद्र जायसवाल, प्रदीप कुमार यादव, राज कुमार, तुलसी राम, सुनीता रजक, रेखा बौद्ध, किरण कुमारी, प्रभा यादव, उमा यादव, अनिल कुमार, अभिमन्यु सिंह, मानवेन्द्र सिंह, राजेश सिंह, कमलेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
“स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य तीन से चौदह वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। परिषदीय विद्यालयों में संसाधनों की कोई कमी नहीं है। अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।” — शिव कुमार यादव
खंड शिक्षा अधिकारी, भादर























