मां को सच्चाई से दूर रखने का मामला
चीन : चीन में एक भावनात्मक और विवादित मामला सामने आया है, जहां एक 80 वर्षीय दिल की मरीज महिला को उसके एकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में हुई मौत की खबर नहीं दी गई। परिवार ने यह फैसला उसकी नाजुक सेहत को देखते हुए लिया और बाद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बेटे का एक वर्चुअल अवतार तैयार किया।
आवाज, फोटो और वीडियो से तैयार हुआ एआई अवतार
रिपोर्ट के अनुसार, एआई टीम ने मृतक के कई फोटो, वीडियो और आवाज़ की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल करके एक डिजिटल अवतार तैयार किया, जो दिखने और बोलने में बिल्कुल असली व्यक्ति जैसा है। यह अवतार नियमित रूप से वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग महिला से बातचीत करता है। बातचीत के दौरान एआई “बेटा” मां से उसका हालचाल पूछता है, उसे ठीक से खाने, गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की सलाह देता है। महिला को यह विश्वास है कि उसका बेटा किसी दूसरे शहर में काम कर रहा है और जल्द घर लौटेगा।
तकनीक के इस्तेमाल पर बंटी राय
इस एआई अवतार को बनाने वाली टीम के प्रमुख का कहना है कि उनका उद्देश्य लोगों को भावनात्मक सहारा देना है, भले ही इसके तरीके को लेकर सवाल उठते हों। हालांकि, इस मामले ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है। कुछ लोग इसे “भावनात्मक सुकून देने वाला प्रयास” बता रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि यह लंबे समय तक चलने वाला धोखा है, जो भविष्य में और बड़ा मानसिक आघात दे सकता है।
























