बोले योगी सरकार में भयमुक्त और विकास की राह पर उत्तर प्रदेश
आजमगढ़, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को आजमगढ़ जिले के बड़सर खालसा गांव में शोक सभाओं और निरीक्षण के दौरान पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने सपा सरकार के दौरान अराजकता और भय का माहौल देखा, लेकिन वर्तमान में योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और लोग भयमुक्त हैं।
उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विजय बहादुर पाठक के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पार्टी इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और अधिकांश या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं। श्रद्धांजलि सभा के बाद उपमुख्यमंत्री ने बड़सर खालसा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और वहां स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।























