कप्तान रजत पाटीदार ने रचा इतिहास, भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 फैंस को समर्पित की ट्रॉफी
अहमदाबाद : नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ आरसीबी ने अपना वर्चस्व कायम रखते हुए इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।
कप्तान रजत पाटीदार ने इस जीत के साथ एक विशेष उपलब्धि भी हासिल की। वह आईपीएल इतिहास में लगातार दो सीजन में टीम को चैंपियन बनाने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी कर चुके हैं। पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने पिछले सीजन भी खिताब जीता था।
11 फैंस की याद में समर्पित की ट्रॉफी
आरसीबी की यह जीत सिर्फ खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि भावनाओं और श्रद्धांजलि का प्रतीक भी रही। पिछले वर्ष IPL 2025 में टीम ने पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था, लेकिन जश्न के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 प्रशंसकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। फाइनल जीत के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजत पाटीदार भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “यह ट्रॉफी उन परिवारों को समर्पित है जिन्होंने पिछले साल अपने प्रियजनों को खोया। हमारी खुशी तब तक अधूरी है, जब तक हम उन फैंस को याद करते रहेंगे जिन्होंने हमारे लिए अपना जीवन गंवा दिया।”
पूरे सीजन दिखाया सम्मान
आरसीबी ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान दिवंगत प्रशंसकों के प्रति सम्मान प्रकट किया। टीम ने पहले मैच से पहले एक मिनट का मौन रखा और खिलाड़ी काले आर्मबैंड पहनकर मैदान में उतरे। अभ्यास सत्र के दौरान खिलाड़ियों ने जर्सी नंबर 11 धारण की, जबकि चिन्नास्वामी स्टेडियम में पूरे सीजन 11 सीटें प्रतीकात्मक रूप से खाली रखी गईं। आरसीबी की यह जीत क्रिकेट से आगे बढ़कर अपने प्रशंसकों के प्रति समर्पण, संवेदनशीलता और सम्मान की मिसाल बन गई है।
























