होली और रमजान के मद्देनज़र घनी आबादी वाले इलाकों, ट्रेनों-बसों, होटलों व संदिग्ध विदेशी संपर्कों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
लखनऊ,संवाददाता : दिल्ली में आतंकी संगठन लश्कर से जुड़े संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि आईएसआई के इशारे पर चार महानगरों को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी। दिल्ली से सटे होने के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
होली और रमजान जैसे संवेदनशील पर्वों के मद्देनज़र प्रशासन ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में प्रदेश के प्रमुख संस्थानों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियों को घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने को कहा गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या थाने में दें।
इसके अलावा ट्रेनों, बस अड्डों, होटलों और ढाबों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। हाल के दिनों में विदेश यात्रा करने वाले व्यक्तियों को भी खुफिया एजेंसियों ने रडार पर लिया है, विशेषकर वे लोग जिन्होंने पाकिस्तान या बांग्लादेश की यात्रा की है। साथ ही जिन बैंक खातों में अचानक बड़ी धनराशि का लेन-देन हुआ है, उन्हें भी जांच के दायरे में रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित खतरे को देखते हुए एहतियाती कदम उठा रही हैं, ताकि प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
























