शहर में 40 तय बस शेल्टर, आठ प्रमुख रूटों पर लागू हुआ नया आदेश
लखनऊ,संवाददाता : इलेक्ट्रिक सिटी बसों के अनियमित ठहराव को लेकर सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। अब ई-सिटी बसें शहर में कहीं भी मनमाने ढंग से नहीं रुकेंगी। उनके लिए 40 निर्धारित स्टॉपेज (बस शेल्टर) तय किए गए हैं। यह व्यवस्था शहर के आठ प्रमुख रूटों पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। पदभार ग्रहण करते ही सिटी ट्रांसपोर्ट के नए प्रबंध निदेशक अमरनाथ सहाय ने सिटी बसों के अनियमित संचालन पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब यात्रियों को सिटी बसें सिर्फ तय बस शेल्टरों पर ही मिलेंगी। जल्द ही सभी शेल्टरों पर बसों के आवागमन की समय-सारिणी (टाइम टेबल) भी लगाई जाएगी।
डिपो इंचार्ज से लेकर चालक तक जिम्मेदार
नई व्यवस्था के पालन की जिम्मेदारी डिपो इंचार्ज, चालक और परिचालक—तीनों पर तय की गई है। आदेश का पालन न करने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। प्रबंधन द्वारा एक सप्ताह बाद दोबारा निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी।
जाम से मिलेगी राहत, यात्रियों को होगी सुविधा
अब तक सिटी बसें सड़कों पर जहां-तहां रुक जाती थीं, जिससे यात्रियों को निर्धारित स्टॉपेज पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था और सड़कों पर जाम की स्थिति बनती थी। नई व्यवस्था लागू होने से यातायात सुचारु होगा और यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। फिलहाल लखनऊ में 115 ई-सिटी बसों का संचालन हो रहा है, जिनसे प्रतिदिन 12 से 14 हजार यात्री सफर करते हैं।
इन स्थानों पर तय किए गए हैं प्रमुख स्टॉपेज
आलमबाग मेट्रो स्टेशन,
मवैया मेट्रो स्टेशन,
टेढ़ी पुलिया,
आलमबाग थाना,
अवध चौराहा,
अमौसी मेट्रो स्टेशन,
पुरानी चुंगी,
शनि मंदिर हिंद नगर,
पारा चौकी,
मुन्नू खेड़ा,
चारबाग स्टेशन (दोनों ओर),
पॉलिटेक्निक चौराहा (वेव सिनेमा के सामने),
सहारा बाजार के सामने,
फन मॉल (दोनों ओर),
हैनीमैन चौराहा,
रजनीखंड,
स्मृति उपवन,
बाराबिरवा,
दयाल चौराहा,
नादरगंज,
बहुखंडी मंत्री आवास,
चिनहट सहित अन्य स्थानों पर स्टॉपेज तय किए गए हैं।
इन आठ रूटों पर लागू हुई नई व्यवस्था
- चौक घंटाघर से नैमिषारण्य
- ट्रांसपोर्ट नगर से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा
- शकुंतला विश्वविद्यालय से जीपीओ
- बालागंज से कमता बस स्टेशन
- ट्रांसपोर्ट नगर से टेढ़ी पुलिया
- सरोजनीनगर से कमता बस स्टेशन
- राजाजीपुरम से देवा रोड अपट्रान
- बालागंज से जीपीओ हजरतगंज
स्पष्ट निर्देश
सिटी बसों के लिए कुल 40 बस शेल्टर निर्धारित किए गए हैं। चालक और परिचालकों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि बसें केवल इन्हीं स्टॉपेज पर रोकी जाएं। इससे जाम की समस्या कम होगी और यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा मिलेगी।























