स्थानीय थाने से लेकर उच्चाधिकारियों तक गुहार की पर नहीं हुई कोई सुनवाई
लखनऊ,संवाददाता : गौतमपल्ली के विक्रमादित्य मार्ग पर सोमवार सुबह नौ बजे उन्नाव के असोहा कालूखेड़ा निवासी कलावती ने आत्मदाह का प्रयास किया। उसे पेट्रोल डालते देख दरोगा शैलेश व महिला सिपाही ने दौड़ाकर बचा लिया। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की। इस संबंध में उन्नाव पुलिस को सूचना दी गई है।
यह है मामला
कलावती सुबह नौ बजे विक्रमादित्य मार्ग से पैदल जा रही थी। बैरियर टैंगो थ्री पर दरोगा शैलेश और एक महिला सिपाही ड्यूटी कर रही थी। इस बीच कलावती ने थैले में पड़ी पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर उड़ेल लिया। यह देख शैलेश और महिला सिपाही दोनों दौड़े और उसे पकड़ लिया। आनन फानन थाने लेकर पहुंचे। वहां महिला सिपाही ने सुरक्षा की दृष्टि से उसके कपड़े बदलवाए।
गांव के दबंगों ने किया जमीन पर कब्जा
पूछताछ में कलावती ने बताया कि वह कालूखेड़ा असोहा उन्नाव की रहने वाली है। गांव के कुछ दबंगों ने 15 बिसवा जमीन पर कब्जा कर लिया। स्थानीय थाने से लेकर उच्चाधिकारियों तक गुहार की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां उच्चाधिकारियों से गुहार करने के लिए आई थी। गौतमपल्ली पुलिस ने इस संबंध में उन्नाव पुलिस को सूचना दी। उन्नाव के असोहा थाने की पुलिस आई और कलावती को लेकर चली गई। इस मामले में गौतमपल्ली थाने में दरोगा शैलेश की तहरीर पर कलावती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया है।