दलितों और पिछड़ों को केवल प्रतीकात्मक पद दिए जाते हैं, लेकिन वास्तविक अधिकार नहीं सौंपे जाते
लखनऊ, संवाददाता : समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश दलितों पर अत्याचार के मामलों में देश में सबसे ऊपर पहुंच गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, दलितों पर अत्याचार के मामले में भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश नंबर एक बन गया है। अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि दलितों, विशेषकर दलित महिलाओं के खिलाफ अपराध अधिकतर उन्हीं राज्यों में क्यों हो रहे हैं जहां भाजपा सत्ता में है जैसे कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा और महाराष्ट्र।
सपा प्रमुख ने भाजपा पर परंपरागत प्रभुत्ववादियों की पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की मानसिकता गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा: भाजपा में संगठन और सरकार के प्रमुख पदों पर हमेशा कुछ खास लोग ही रहते हैं, जबकि मेहनत वाले काम दूसरों को दे दिए जाते हैं। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा में दलितों और पिछड़ों को केवल प्रतीकात्मक पद दिए जाते हैं, लेकिन वास्तविक अधिकार नहीं सौंपे जाते। अखिलेश यादव ने दलित समुदाय से भाजपा को खारिज करने का आह्वान करते हुए कहा कि दलितों के नाम पर वोट तो लिए जाते हैं, लेकिन उन्हें सत्ता में भागीदारी नहीं दी जाती। दलितों को आज कहना चाहिए – हमें भाजपा नहीं चाहिए ।