अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की मुलाकात पर कसा तंज, बोले— जनादेश का सम्मान करना चाहिए
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पश्चिम बंगाल के बदलते राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अखिलेश यादव की ममता बनर्जी से मुलाकात पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि “दीदी आप बहुत अच्छी हैं, आप चुनाव नहीं हारी हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोकतंत्र का मजाक उड़ाने और जनादेश का अपमान करने जैसा है। मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक वातावरण तेजी से बदल चुका है और शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच रहे हैं, जहां भाजपा विधायक दल की बैठक होगी और नई सरकार के गठन की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब ममता बनर्जी सत्ता में आई थीं, तब संवैधानिक प्रक्रिया का पालन किया गया था, इसलिए अब भी जनादेश का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विधायक दल का नेता चुना जाएगा और राज्य को मजबूत नेतृत्व मिलेगा।
इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
ओवैसी पर भी साधा निशाना
मंत्री ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह समाज को भड़काने और मुस्लिम समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम्” केवल किसी देवी की स्तुति नहीं, बल्कि भारत माता का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि कई मुस्लिम कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों ने भी “वंदे मातरम्” का सम्मान किया है। उन्होंने अब्दुल हमीद, अफशां गुरलाखान और रसखान जैसे नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत माता सभी की है और यही धरती सभी को जीवन देती है।
यूपी मॉडल की देशभर में चर्चा
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्ती हुई है और आज “यूपी मॉडल” की चर्चा पूरे देश में हो रही है।
























