बेटे जेसन संजय को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवाल, राजनीतिक जीत के बीच पारिवारिक विवाद सुर्खियों में
चेन्नई : साउथ सुपरस्टार विजय इन दिनों अपनी राजनीतिक सफलता के साथ-साथ पारिवारिक विवादों को लेकर भी लगातार चर्चा में हैं। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा ध्यान उनके बेटे जेसन संजय पर केंद्रित हो गया है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके (तमिलगा वेत्री कजगम) के शानदार प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर परिवार से जुड़ी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। दावा किया जा रहा है कि जेसन संजय इंस्टाग्राम पर अपने पिता को फॉलो नहीं करते हैं। कुछ यूजर्स ने यहां तक कहा कि उन्होंने विजय को अनफॉलो कर दिया है, हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इसी बीच खबरें यह भी सामने आईं कि जेसन संजय अपनी मां संगीता सोरनलिंगम के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय और संगीता के रिश्तों में लंबे समय से तनाव चल रहा है और मामला अदालत तक पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी तेज है कि जेसन ने अपने नाम से पिता विजय का सरनेम हटाया है। हालांकि परिवार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फैंस को इस बात ने भी चौंकाया कि विजय की राजनीतिक जीत पर जेसन संजय की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। आमतौर पर स्टार परिवारों में बड़े अवसरों पर सोशल मीडिया पोस्ट देखने को मिलते हैं, लेकिन इस बार उनकी चुप्पी चर्चा का विषय बन गई।
इस विवाद के बीच अभिनेत्री तृषा कृष्णन का नाम भी चर्चाओं में बना हुआ है। कुछ रिपोर्ट्स में विजय और तृषा की बढ़ती नजदीकियों को पारिवारिक तनाव की वजह बताया गया है। हालांकि इन दावों की किसी भी पक्ष ने पुष्टि नहीं की है। वहीं राजनीतिक मोर्चे पर विजय लगातार सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
























