एसपी चारू निगम की अनोखी पहल से सुल्तानपुर में फरियादियों को मिल रहा त्वरित न्याय
सुल्तानपुर,संवाददाता : एसपी चारू निगम की नई कार्यशैली इन दिनों जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। तीन माह पहले जिले की कमान संभालने वाली पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “नो इन्वेस्टिगेशन, नो एफआईआर… फैसला ऑन द स्पॉट” की अनोखी व्यवस्था लागू की है। इस पहल के बाद अब लोगों को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए थानों और पुलिस कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। पहले जहां उच्चाधिकारी प्रार्थना पत्रों पर जांच कर आख्या देने के निर्देश देकर मामलों को संबंधित थानों में भेजते थे, वहीं अब पुलिस अधीक्षक स्वयं वर्चुअल माध्यम से शिकायतों की सुनवाई कर रही हैं।

प्रतिदिन सुबह 10 बजे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) ऑनलाइन जुड़ते हैं। जिस थाने से संबंधित शिकायत पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचती है, उस मामले में संबंधित थानेदार से तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर समाधान कराया जाता है। इस नई कार्यप्रणाली से जहां फरियादियों में संतोष देखने को मिल रहा है, वहीं उनका समय भी बच रहा है। तत्काल सुनवाई और मौके पर समाधान होने से विवाद बढ़ने की संभावनाएं भी कम हो रही हैं। पुलिस विभाग की इस पहल को जिले में पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
























