राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनायी जाती है स्वामी जी की जयंती

नई दिल्ली,संवाददाता : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति मुर्मू ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के लोगों में आत्मविश्वास का संचार किया और पश्चिमी दुनिया को भारत की आध्यात्मिक शक्ति का एक मजबूत संदेश दिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “स्वामी विवेकानंद ने भारत के महान आध्यात्मिक संदेश को पश्चिमी दुनिया तक पहुंचाया। उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमता को पहचानने, राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उनकी विरासत आज भी दुनिया भर में लोगों को प्रेरित करती है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें युवाओं के लिए एक शाश्वत प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। वह युवाओं के लिए एक शाश्वत प्रेरणा हैं, जो युवा मन में जुनून और उद्देश्य को प्रज्वलित करते रहते हैं। हम उनके दृष्टिकोण को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और एक मजबूत व विकसित भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं।” स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, और यह दिन भारत के युवाओं को उनके योगदान और विचारों से प्रेरित करने के अवसर के रूप में मनाया जाता है।