काश्तकार की शिकायत बनी गिरफ्तारी की वजह
सुलतानपुर, संवाददाता : अयोध्या एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जयसिंहपुर क्षेत्र के पीढ़ी बाजार में एक लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लेखपाल की पहचान विवेक वर्मा के रूप में हुई है, जिसे एक काश्तकार से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते समय टीम ने दबोच लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि संबंधी कार्य कराने के एवज में लेखपाल द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एक काश्तकार ने एंटी करप्शन संगठन से की थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता को चिन्हित पांच हजार रुपये देकर लेखपाल के पास भेजा गया। मंगलवार अपराह्न जैसे ही लेखपाल ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से मौके पर तैनात एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ की और आगे की विधिक कार्रवाई के लिए उसे थाना कूरेभार ले गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। उपजिलाधिकारी प्रभात सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने पीढ़ी बाजार में कार्रवाई करते हुए लेखपाल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















