पुलिस जांच में जुटी; खान सर ने लगाए गंभीर आरोप
पटना। बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।
खान सर ने बताया कि हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम में उनके संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र सफल हुए थे। सफलता का जश्न समाप्त होने के बाद फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया। खान सर ने आशंका जताई कि घटना के पीछे कुछ कोचिंग संचालकों का हाथ हो सकता है। उनका आरोप है कि कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण कुछ लोग उनके संस्थान से नाराज हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बम से उड़ाने की धमकी का भी दावा
खान सर ने दावा किया कि हमलावर फायरिंग के बाद कोचिंग सेंटर को बम से उड़ाने की धमकी देकर गए हैं। उन्होंने परिसर में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात कही है। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2019 में भी उनके कोचिंग संस्थान पर देसी बम से हमला हुआ था, जिसमें संपत्ति को नुकसान पहुंचा था, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ था। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।






















