प्रधानमंत्री आवास योजना और युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को भी मिलेगा लाभ
लखनऊ, संवाददाता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर दौरे के दौरान पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों को उनके अधिकार दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे। मुख्यमंत्री अफजलगढ़, धामपुर और आलमपुर गांवड़ी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों तथा 50 पूर्व सैनिकों एवं लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को आवंटन पत्र एवं चेक भी प्रदान करेंगे। साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘विदुर प्रेरणा कैफे’ का उद्घाटन करेंगे।
सरकार के इस कदम से वर्षों से भूमि अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे विस्थापित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा विभिन्न विकास योजनाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों को सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पूर्व अप्रैल माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी में बांग्लादेश से विस्थापित 331 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए थे। वहीं चंदन चौकी (पलिया) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नदियों द्वारा भूमि क्षरण से प्रभावित पूर्वी उत्तर प्रदेश के 2350 परिवारों और थारू जनजाति के 4356 परिवारों को भी भूमि अधिकार पट्टों का आवंटन किया गया था।
























