पंजाब के लिए एक और हार पड़ सकती है भारी
धर्मशाला : मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु रविवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मैच में पंजाब किंग्स की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से उतरेगी। धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले का मुख्य आकर्षण एक बार फिर विराट कोहली होंगे, जिन्होंने पिछले मैच में शानदार शतक जड़ा था। धौलाधार पर्वतमाला की मनमोहक पृष्ठभूमि में कोहली की बल्लेबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पहुंचने की उम्मीद है।
आरसीबी इस सीजन में सबसे लगातार प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक रही है और वह अंक तालिका में मजबूत स्थिति में है। दूसरी ओर पंजाब किंग्स लगातार पांच हार के बाद दबाव में है और एक और हार उसके प्लेऑफ की उम्मीदों को लगभग खत्म कर सकती है। पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी रही है, खासकर डेथ ओवर्स में, जहां वह बड़े स्कोर का बचाव करने में बार-बार नाकाम रही है। टीम के गेंदबाज जेवियर बार्टलेट और मार्को यानसन महंगे साबित हुए हैं, जबकि अर्शदीप सिंह और अजमतुल्लाह उमरजई ने कुछ हद तक संतुलन बनाने की कोशिश की है।
वहीं आरसीबी की टीम बेहद संतुलित नजर आ रही है। विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और हाल ही में उन्होंने 60 गेंदों में 105 रन की पारी खेली थी। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी गेंदबाज धर्मशाला की परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। अब सबकी निगाहें एक बार फिर विराट कोहली पर टिकी होंगी, जो एक और बड़ी पारी खेलकर अपनी टीम को प्लेऑफ के और करीब पहुंचाने के इरादे से उतरेंगे।
























