गोरखपुर को स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम
लखनऊ/गोरखपुर, संवाददाता : मुख्यमंत्री सीएम योगी ने शनिवार को गोरखपुर में बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन द्वारा ताल नदौर क्षेत्र में उपलब्ध कराई गई जमीन पर 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। औपचारिक शिलान्यास के बाद सरकार की ओर से जारी परियोजना लागत की पहली किश्त 63.39 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य को गति दी जा रही है।
कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अनुसार अब तक लगभग सात प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्टेडियम का निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। यह स्टेडियम लखनऊ, कानपुर और वाराणसी के बाद उत्तर प्रदेश का चौथा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा। इसके निर्माण से गोरखपुर को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही पूर्वांचल के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आधुनिक मंच भी उपलब्ध होगा।
























