अमेठी में धूमधाम से मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती
अमेठी, संवाददाता : अयोध्या-प्रयागराज मार्ग स्थित बिसुंदासपुर के बौद्ध विहार में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर रामगंज कस्बे से निकली भव्य शोभा यात्रा बौद्ध विहार पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए शर्बत वितरण का आयोजन किया गया।


भादर ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों को शर्बत पिलाया गया। आयोजन का उद्देश्य सेवा भावना और सामाजिक समरसता का संदेश देना रहा। शोभा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। रथ पर सवार बाबा साहब की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। पूरे मार्ग में “जय भीम” और “भीम जयंती आई है, नई रोशनी लाई है” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।

प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार सिंह ने कहा कि बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज को समानता और न्याय का मार्ग दिखाया है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। शोभा यात्रा रामगंज से होते हुए दुर्गापुर तक पहुंची। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह पुलिस बल और पीएसी के साथ मुस्तैद रहे। इस मौके पर सुरेंद्र मौर्य, राधेश्याम, गजाधर, राजेश यादव, सोनू शुक्ला, संतोष, रोहित, पवन सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























