तीन हिस्ट्रीशीटर आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
सुलतानपुर, संवाददाता : सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरहुत बाजार स्थित देसी शराब के ठेके में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन हिस्ट्रीशीटर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान एवं नकदी बरामद की है।
थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम को यह सफलता प्राप्त हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यूपीडा एपको प्लांट बहदग्राम बड़ाडाड़ के पास दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में कर्मराज पुत्र शिवप्रसाद एवं रामू पुत्र तुलसी निवासी ग्राम मऊ अटवारा थाना जगदीशपुर जनपद अमेठी तथा अमृतलाल पुत्र रामप्यारे निवासी ग्राम भूपतपुर थाना मुंशीगंज जनपद अमेठी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी शातिर किस्म के हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में तीन बंद पेटियों में देसी शराब, ओएसिस कॉशन लेजर-2 कंपनी की पीओएस मशीन, एलईडी स्क्रीन के कांच के टूटे टुकड़े, डीवीआर का टूटा स्टैंड व एडॉप्टर, 10,650 रुपये नकद, एक डीवीआर तथा 10 कैन किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल हैं। जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरोपियों ने तिरहुत बाजार स्थित शराब के ठेके में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना हलियापुर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल शमशेर बहादुर, कांस्टेबल चंदन कुमार एवं कांस्टेबल मनीष सौरभ शामिल रहे।
























