मान्यता का नवीनीकरण न कराए जाने का आरोप
सुलतानपुर, संवाददाता : जिले में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में जीडी गोयनका विद्यालय पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और काउंटर साइन पर रोक लगा दी गई है।
बीएसए कार्यालय से सोमवार को जारी पत्र के अनुसार विद्यालय की मान्यता सत्र 2021-22 तक ही वैध थी। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने न तो मान्यता का नवीनीकरण कराया और न ही विभाग को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए, जिसके चलते विद्यालय का संचालन बिना वैध मान्यता के पाया गया। विभाग ने आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधन सीबीएसई गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए छात्रों का नामांकन कर रहा है। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए बीएसए ने तत्काल प्रभाव से विद्यालय की कागजी कार्यवाही के काउंटर साइन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
इसके अलावा होली के घोषित अवकाश के दौरान भी विद्यालय खोले जाने की शिकायत सामने आई है, जिसे शासन के अवकाश नियमों का उल्लंघन माना गया है। इस पर बीएसए ने विद्यालय प्रबंधन से जवाब तलब करते हुए पूछा है कि किन आधारों पर विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता संचालित संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य निजी विद्यालयों में भी हड़कंप मच गया है।
























