सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर रोका कार्य
अमेठी, संवाददाता : कोतवाली रामगंज क्षेत्र के नरहरपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर शनिवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन को मौके पर पहुंचकर हालात नियंत्रित करने पड़े।
जानकारी के अनुसार, दलित परिवारों ने सुरक्षित भूमि पर प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर पहले ग्राम प्रधान से अनुरोध किया था। बाद में हडवाही स्थल पर चबूतरा बनाकर प्रतिमा लगाने की तैयारी की गई और 8 अप्रैल को संयुक्त हस्ताक्षर के साथ एसडीएम को प्रार्थना पत्र भी सौंपा गया था। जांच में भूमि सुरक्षित पाए जाने के बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। शनिवार को ग्राम प्रधान के समर्थन में कुछ लोगों द्वारा चबूतरे पर जबरन प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्य रुकवाया, जिसके बाद ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम करने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी आशीष सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देर शाम तक स्थिति पर नजर बनाए रखी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामगंज थाने की पुलिस को 14 अप्रैल तक गांव में कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, पूर्व में हुई जांच में उक्त स्थल को सुरक्षित भूमि पाया गया था और वहां प्रतिमा स्थापना की अनुमति नहीं दी गई थी। “नरहरपुर में सुरक्षित भूमि पर जबरन अंबेडकर प्रतिमा लगाने का प्रयास किया गया था। प्रशासन की रोक के बावजूद माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई। गांव में शांति व्यवस्था कायम है और किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।” — आशीष सिंह, उप जिलाधिकारी, अमेठी





















