हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार
सुल्तानपुर,संवाददाता : जनपद के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सहतपुर गांव निवासी 51 वर्षीय शेर बहादुर पुत्र रामदौर बाजार से खरीदारी कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अखण्डनगर-बेलवाई मार्ग पर अलाउद्दीनपुर शक्तिनगर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शेर बहादुर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी संत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।






















