जिम्बाब्वे के खिलाफ ‘करो या मरो’ मुकाबले में खेलने पर संशय




चेन्नई,संवाददाता : भारतीय टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह मंगलवार को परिवार में आपात स्थिति के कारण घर लौट गए। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने पीटीआई को इसकी पुष्टि की है।रिंकू यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपक) में भारत के ट्रेनिंग सत्र में शामिल नहीं हुए, जबकि बाकी खिलाड़ी नेट अभ्यास में मौजूद रहे। मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “रिंकू सिंह परिवार में आपात स्थिति की वजह से चेन्नई से घर लौट गए हैं। वह चेपक में भारत के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए।”
सूत्रों के अनुसार, रिंकू के पिता खानचंद सिंह को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके चलते उन्हें तत्काल वापस जाना पड़ा।रिंकू के अचानक टीम से अलग होने के कारण गुरुवार को यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के ‘करो या मरो’ सुपर आठ मुकाबले में उनके खेलने पर संशय बन गया है। टीम प्रबंधन उनकी उपलब्धता को लेकर अंतिम निर्णय परिस्थितियों के अनुसार करेगा।
हालिया मुकाबलों में रिंकू का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की हार में वह खाता नहीं खोल सके थे। वहीं, नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप मैच में उन्होंने छह रन बनाए थे। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ 11, नामीबिया के खिलाफ एक और अमेरिका के खिलाफ छह रन की पारी खेली थी। अब टीम को अहम मुकाबले से पहले मध्यक्रम में संयोजन को लेकर नई रणनीति बनानी पड़ सकती है।























