थाना प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि ज्ञापन के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी
अमेठी,संवाददाता : शुक्रवार को थाना संग्रामपुर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ला के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन रायबरेली सांसद राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव द्वारा चुनावी मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गवासी माता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस टिप्पणी को देश की मातृ शक्ति का अपमान करार देते हुए, थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर दोनों नेताओं के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की मांग की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एडवोकेट सदाशिव पांडेय ने कहा, प्रधानमंत्री की स्वर्गवासी माता के संबंध में की गई टिप्पणी न केवल एक व्यक्ति का अपमान है, बल्कि यह पूरे देश की मातृ शक्ति का अपमान है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा मंडल संग्रामपुर की ओर से लिखित ज्ञापन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि ज्ञापन के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
प्रमुख उपस्थितजन:
इस अवसर पर कई प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें शामिल हैं: एडवोकेट सदाशिव पांडे, पूर्व मंडल अध्यक्ष विपिन शुक्ल, अजय तिवारी एडवोकेट, पूर्व महामंत्री मनोज मिश्रा, महामंत्री आलोक तिवारी, विश्व हिंदू परिषद जिला सह मंत्री राम सिंह, प्रखंड अध्यक्ष सुरेश ओझा, बूथ अध्यक्ष अशोक शुक्ला, सोशल मीडिया संयोजक गोकुलेश त्रिपाठी एडवोकेट, विवेकानंद पांडे, युवा नेता शुभम पांडे, भाजपा नेता अंगद सिंह, रामचंद्र मिश्रा, बद्री प्रसाद सोनी, शिव बहादुर शुक्ला, कोषाध्यक्ष दिनेश मिश्रा, तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।