मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना की पहल से दो परिवारों में लौटी मुस्कान
अमेठी,संवाददाता : पुलिस जहां एक ओर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में जुटी है, वहीं समाज में रिश्तों को संवारने की दिशा में भी सकारात्मक भूमिका निभा रही है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला थाना अमेठी में प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह व उनकी टीम ने पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों पर सुनवाई की।शिकायतों को गंभीरता से सुनने, और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद दो विवाहित जोड़े आपसी सहमति से फिर से साथ रहने को तैयार हो गए। इस पहल पर दोनों परिवारों में खुशी और संतोष का माहौल देखा गया।
पुलिस टीम ने दंपतियों को आपसी संवाद, सहयोग और समझदारी से वैवाहिक जीवन को सफल बनाने की सलाह दी। साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस सिर्फ कानून का पालन ही नहीं कराती, बल्कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है। महिला थाना प्रभारी कंचन सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ पारिवारिक विवादों को सुलझाने का भी लगातार प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में विश्वास और सौहार्द का वातावरण बनता है, जो सामाजिक एकता को और मजबूत करता है।