सीसीटीवी लगाने की अपील, समस्याएं सुन समाधान का भरोसा
अमेठी (गौरीगंज), संवाददाता : जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य “ऑपरेशन दृष्टि” के अंतर्गत सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और व्यापारियों को जागरूक करना था। अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि: कैमरे न केवल अपराध की रोकथाम में मददगार हैं, बल्कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी सहायक साबित होते हैं।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया, अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि: पुलिस और व्यापारियों के बीच सहयोग और संवाद बढ़ने से अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता मिल सकती है। इस अवसर पर व्यापारियों ने श्री सिंह को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।