पुलिस पर लगा है जबरन शव उठाने और लाठीचार्ज करने का गंभीर आरोप
अखंडनगर/सुलतानपुर,संवाददाता : थाना क्षेत्र के मरूई कृष्णदासपुर गांव में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया,वजब खेत में सिंचाई कर रहे अधिवक्ता महेंद्र कुमार मौर्य (57) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब दस बजे की है।
हत्या के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतक के परिजनों ने पुलिस पर जबरन शव उठाने और लाठीचार्ज करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक महेंद्र मौर्य अपने पीछे पत्नी शकुंतला मौर्या, दो बेटे अजय मौर्या और प्रभात, और दो बेटियां रंजना (विवाहित) एवं भावना को छोड़ गए हैं। उनके बड़े भाई सीताराम मौर्य ने अज्ञात 3-4 लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
बताया गया कि मृतक शाम करीब 7 बजे खेत में धान की सिंचाई के लिए गए थे। रात 9 बजे उन्होंने लखनऊ में रह रही अपनी भाभी से फोन पर बात की थी। लेकिन जब रात 10 बजे तक वे घर नहीं लौटे और फोन नहीं उठा, तो परिजन खेत पहुंचे जहां उनका शव पड़ा मिला और पास में मोबाइल की लाइट जल रही थी। परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वे शव को मृतक के बड़े बेटे के लखनऊ से आने तक रोकने की बात कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने जबरन शव उठवाया और इसी दौरान पत्नी, बेटियों और अन्य परिजनों पर लाठीचार्ज भी किया गया।
इस कार्रवाई से आक्रोशित ग्रामीणों में नाराज़गी है। थाना प्रभारी दीपक कुशवाहा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। गांव के कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, वहीं परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।