बहुगुणा ने गांव में प्राप्त की थी प्रारंभिक शिक्षा, उच्च शिक्षा के लिए आए प्रयागराज
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें आजादी की लड़ाई का महान सेनानी बताया और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर प्रदेशवासियों की ओर से मैं उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” योगी ने बताया कि बहुगुणा भारत छोड़ो आंदोलन के सक्रिय सेनानी थे और ब्रिटिश हुकूमत की यातनाएं भी झेलीं। उन्होंने 1952 में पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा में कदम रखा और इसके बाद मंत्री, मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के रूप में अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा ने गांव में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज आए, जहां उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में भागीदारी की। उन्होंने प्रदेश और देश के लिए जो योगदान दिया, उसे राज्य सरकार आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉक्टर अम्मार रिजवी, पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। हेमवती नंदन बहुगुणा का जन्म 25 अप्रैल 1919 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुआ था और 17 मार्च 1989 को अमेरिका के क्लीवलैंड, ओहायो में उनका निधन हुआ।