महिला रेल कर्मचारियों ने सरस्वती वंदना, काव्यपाठ, नृत्य और गायन जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया
लालगंज/रायबरेली: आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली में आठ मार्च 2025 को विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं के सशक्तिकरण पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आरेडिका के तकनीकी प्रशिक्षण केन्द्र में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता सुधा सिंह, जो आरेडिका महिला कल्याण संगठन की सदस्या हैं, ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आरेडिका में कार्यरत महिला रेल कर्मचारियों ने सरस्वती वंदना, महिलाओं के सशक्तिकरण पर वक्तव्य, काव्यपाठ, नृत्य और गायन जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। आरेडिका के महाप्रबंधक श्री प्रशांत कुमार मिश्रा ने इस आयोजन के दौरान सभी महिला कर्मचारियों को शुभकामनाएँ दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। यह कार्यक्रम कर्मचारी कल्याण संगठन तथा अन्य विभागों के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सुधा सिंह और सुहृता खान ने सभी विजेता महिला कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया। मंच संचालन का कार्य निधि शर्मा ने किया। इस अवसर पर आरेडिका की महिलाएँ जैसे कि सुधा सिंह (विशेष खेल-कूद अधिकारी), सुहृता खान (सहायक लेखा अधिकारी), चन्दा सिंह (निरीक्षक/आरपीएफ), निधि शर्मा, शिखा रावत, पूनम यादव, और अन्य महिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।